मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में हाल ही में हुई कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सोबन सिंह, जो मसूरी क्षेत्र-3 में उप आबकारी निरीक्षक के पद पर तैनात थे, तथा कुठालगेट चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई संबंधित घटना में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए की गई है।
धामी ने प्रदेशभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को आदेश दिया कि सभी अवांछित और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से रोड रेज, फायरिंग की घटनाओं और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी और सख्ती के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।


