प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद सिद्धपीठ कालीमठ मंदिर के दर्शन किए। इस दौरान सीएम धामी ने मां काली का आशीर्वाद लेने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कालीमठ पहुंचने पर स्थानीय जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से सीएम धामी का स्वागत किया।
बता दें, आगामी 6 मई से शुरू हो रही केदारनाथ यात्रा को लेकर सरकार और शासन-प्रशासन तैयारियों में जुट गये हैं। आज सीएम पुष्कर सिंह धामी भी केदारनाथ पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर परिसर के आसपास मुख्य मार्ग में अस्त-व्यस्त पड़े मलबे और निर्माणाधीन सामग्री को हटाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ ट्रैक की जानकारी लेते हुए यात्रियों की सुविधा अनुसार विभिन्न जगहों पर ठहरने, पानी एवं बरसात के दौरान रेन शेल्टर के निर्माण कार्यों में गति लाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने मंदाकिनी एवं सरस्वती नदी के किनारे सुरक्षा दीवार के साथ रेलिंग का निर्माण कराए जाने को कहा। साथ ही उन्होंने वासुकीताल ट्रेक को विकसित किए जाने से संबंधित जानकारी लेते हुए इसमें शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। सीम धामी ने कहा कि केदारनाथ का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों के अनुसार किया जायेगा। केदारनाथ के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कालीमठ घाटी के सिद्धपीठ कालीमठ मंदिर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने कालीमठ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता के अलावा कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया।

केदारनाथ धाम के बाद कालीमठ मंदिर पहुंचे सीएम धामी, मां काली का लिया आशीर्वाद


