मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीपोखरी के नवनिर्मित पुल का उद्घाटन किया। करीब 16 करोड़ की लागत से जाखन नदी पर यह पुल बनाया गया है। पुराना पुल पिछले साल अगस्त महीने में नदी के तेज बहाव में धराशाई हो गया था। इसके अलावा सीएम धामी ने अन्य पुलों का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीपोखरी में जाखन नदी पर बने नवनिर्मित पुल का विधिवत पूजा अर्चना कर उद्घाटन किया। लोक निर्माण विभाग ने 16 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण किया है। इसके साथ ही सीएम धामी ने 13 करोड़ की लागत से तैयार विकासनगर में लांघा मोटर मार्ग पर शीतला नदी पर बने पुल को भी जनता को सौंपा। इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि रानीपोखरी पुल के गिरने से जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यही पुल राजधानी से पूरे गढ़वाल को जोड़ता है। सीएम धामी ने कहा कि उन्होंने जनता की परेशानी को देखते हुए 6 महीने के भीतर कार्यदायी संस्था को पुल को तैयार करने को कहा और समय रहने पुल का निर्माण भी हो गया। केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में सड़कों का जाल बिछ गया है। चारधाम को जाने वाले मार्ग बेहतर हो गए हैं। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि देहरादून से दिल्ली की दूरी अब कम होने जा रही है। आने वाले समय में शानिवार और रविवार को दिल्ली से लोग बड़ी संख्या में आएंगे। उन्होंने कहा कि 5 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि आने वाला समय उत्तराखंड का होगा और वो सपना साकार हो रहा है। रिकॉर्ड पर्यटक उत्तराखंड आ रहे हैं।
बता दें कि 27 अगस्त 2021 को देहरादून-ऋषिकेश हाईवे पर रानीपोखरी में पुल का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया था। जब पुल गिरा उस समय उसके ऊपर वाहन दौड़ रहे थे। पुल का जो हिस्सा टूटा वहां कुछ वाहन फंस गए और कुछ पलट गए। दो छोटे हाथी वाहन के साथ एक और वाहन नीचे फंस गए थे।