हरिद्वार। दो करोड़ की रकम उधार लेकर वापस न करने से देनदार खासा परेशान है। कई बार रकम वापसी का तकाजा करने के बाद भी रकम न मिलने से परेशान देनदार अब बाबा के आश्रम के बाहर परिवार समेत धरना देगा। यदि फिर भी पैसे नहीं मिलते तो वह परिवार समेत आश्रम के बाहर आत्मदाह करने को मजबूर होगा।
बताते हैं कि एक व्यवसायी से हरिद्वार के एक बाबा ने 2 करोड़ रुपये की रकम काफी समय पूर्व ली थी। काफी समय बीतने के बाद भी रकम वापस न मिलने पर देनदार ने बाबा से तकादा किया, किन्तु अपनी आदत के मुताबिक बाबा देनदार को बहाने बनाकर वापस करता रहा।
सूत्र बताते हैं कि विगत दिनों देनदार ने फिर से बाबा के दरबार में दस्तक दी और अपनी रकम वापस करने की बात कही। सूत्र बताते हैं कि बाबा ने देनदार को टका सा जवाब दे दिया की उसके पास पैसे नहीं हैं। वह चाहे तो कथित तौर पर ऋषिकेश में एक भूखण्ड जो उसे देश के भगोड़े व्यवसायी ने दिलाया था, वह ले सकता है। इसके साथ ही कनखल में उसे एक भूखण्ड दिया जा सकता है। भूखण्ड के विवादित होने का पता होने के कारण देनदार ने भूखण्ड लेने से साफ इंकार कर दिया।
सूत्र बताते हैं कि बाबा के यहां से निराश होकर व अपनी दो करोड़ की रकम को डूबता देख अब देनदार ने परिवार समेत बाबा के आश्रम के बाहर धरना देने और इसके बाद भी रकम न मिलने पर वहीं आत्महत्या करने का निर्णय लिया है।


