नवरात्रि में इस बार बन रहे कई विशेष योग
हरिद्वार। चैत्र मास के नवरात्र इस वर्ष 22 मार्च से आरम्भ होने जा रहे हैं। इसी दिन से नव संवत्सर का भी आरम्भ होगा। इस बार पूरे नवरात्र में कई विशिष्ट योग बन रहे हैं। साथ ही मां भगवती का इस बार आगमन नौका पर हो रहा है। यानि मां भगवती नौका पर सवार होकर आएंगी। इन सभी कारणों से इस बार नवरात्र विशेष फलदाई होंगे।
चैत्र नवरात्रि का आगमन 22 मार्च से होने जा रहा है। इस दौरानं नवरात्रि में तीन सर्वार्थ सिद्धि योग 23, 27 व 30 मार्च को होगा। जबकि अमृत सिद्धि योग 27 और 30 मार्च को लगेगा। रवि योग 24, 26 व 29 मार्च को लगेगा। नवरत्रि के अंतिम दिन रामनवमी के दिन गुरु पुष्य योग भी रहेगा। जो की विशेष योग माना जाता है। इसके साथ इस वर्ष मां दुर्गा जी का आगमन नौका पर होगा। शास्त्रों में मां के इस रूप को भक्तों की समस्त इच्छाएं पूर्ण करने वाला माना जाता है, इसीलिए चैत्र नवरात्रि सभी के लिए फलदाई साबित होगी। चैत्र नवरात्र के पहले दिन कई शुभ योग बन रहे हैं। इस समय में घट स्थापना बहुत ही लाभदायक और सिद्ध होगी।
यूं तो वर्ष में चार नवरात्र होते हैं। चैत्र माह व शारदीय नवरात्र को प्रकट नवरात्र कहा जाता है। जबकि दो नवरात्र गुप्त होते हैं। इनमें चैत्र व शारदीय नवरात्रि को विशेष माना जाता है। चैत्र मास की प्रतिपदा तिथि से ही नवसंवत्सर का आरम्भ होता है। इस बार संवत्सर अनल नाम से व उसके पश्चात पिंगल नामक संवत भी शुरू होगा।


