पुलिस ने 36 घंटे के अंदर दबोचे दो शातिर चोर, स्कूटी समेत चोरी का सामान बरामद

हरिद्वार। बहादराबाद थाना पुलिस ने सिर्फ 36 घंटे के भीतर इलाके में हुई चोरी का खुलासा करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले दो चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का सामान और वारदात में प्रयोग की गई स्कूटी व अन्य उपकरण बरामद किया हैं।

धनौरी रोड पर एक ईको पार्क का निर्माण कार्य पिछले कुछ समय से चल रहा है। यहां लगने वाले सामान को रखने के लिए पार्क क्षेत्र में ही एक कार्यालय भी बनाया गया है। सोमवार तड़के अज्ञात चोरों ने इस कार्यालय का ताला तोड़ वहां पर रखे पाइप और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया था। जिसकी तहरीर ईको पार्क का निर्माण करा रहे मनीष पटेल ने सोमवार सुबह बहादराबाद थाने में दी थी।

बजाज चौकी इंचार्ज अशोक ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को उस समय धर दबोचा जब वे चोरी का सामान ठिकाने लगाने जा रहे थे। पुलिस ने उनके पास से ईको पार्क के कार्यालय से चुराया गया तमाम लोहे का सामान बरामद कर लिया है। थानाध्यक्ष बहादराबाद नितेश शर्मा ने बताया कि पकड़े गए चोरों की पहचान राहुल कश्यप उर्फ सांगा और विशाल कश्यप निवासीगण दौलतपुर बहादराबाद के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपितों के पास से चोरी के सामान के अलावा वारदात में प्रयोग की गई स्कूटी भी बरामद कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *