आखिरकार पिंजरे में कैद हुआ गुलदार

हरिद्वार। हरिद्वार-देहरादून सीमा पर स्थित हरिपुर कला क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक गुलदार, राजाजी राष्ट्रीय पार्क के कर्मचारियों द्वारा लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में गुलदार की दहशत बनी हुई थी। गुलदार कई कुत्तों व पालतू मवेशियों को अपना निवाला बना चुका था। कुछ समय पूर्व हरिपुर कलां के ग्रामीणों ने इसे लेकर मोतीचूर के वन अधिकारियों से वार्ता भी की थी। इस वार्ता के बाद मोतीचूर रेंज कर्मियों द्वारा यंहा पर पिंजरा लगाया गया था। पिछले कुछ दिनों से यह गुलदार यंहा आता तो था, मगर पिंजरे में कैद नहीं हो पा रहा था। लेकिन आज तड़के आखिरकार यह पिंजरे में कैद हो ही गया। गौरतलब है कि हरिपुर कलां राजा जी पार्क की हरिद्वार व मोतीचूर रेज से सटा हुआ है। चीला मोतीचूर कॉरिडोर होने के चलते यंहा वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। कई बार गुलदार व जंगली गजराज आबादी का रुख भी कर लेते है।
मोतीचूर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि गुलदार पिंजरे में कैद हो गया है। उसे परीक्षण के लिए कोयलपुरा ले जाया गया है। डॉक्टरों के परीक्षण व उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *