लोक कल्याण की कामना को लेकर जंगमेश्वर महादेव में किया गया अभिषेक
देहरादून। देवों के देव महादेव की पूजा के लिए त्रयोदशी तिथि और सोमवार का दिन अत्यंत ही शुभ और फलदायी माना गया है। 03 नवंबर सोमवार को कार्तिक शुक्लपक्ष की त्रयोदशी तिथि पर की जाने वाली भगवान शिव की पूजा-अर्चना व अभिषेक करने से मनचाहा वरदान प्राप्त होता है। आज लोक कल्याण की कामना से प्रदेश की राजधानी देहरादून स्थित श्री जंगम शिवालय मंदिर में भगवान जंगमेश्वर का मंदिर के परमाध्यक्ष श्रीमहंत कृष्णा गिरि महाराज ने भगवान का पूजन-अर्चन व अभिषेक किया।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव कल्याणकारी देव हैं। सोमवार के दिन पड़ने से प्रदोष व्रत का पुण्यफल कई गुना ज्यादा बढ़ जाता है। इस दिन विधिपूर्वक पूजन-अर्चन करने से व्यक्ति के सभी मनोरथ सिद्ध होते हैं तथा उसके समस्त पापों का क्षय हो जाता है। कहाकि जो व्यक्ति विधिपूर्वक पूजन-अर्चन व अभिषेक न कर सके तो एक लोटा जलमात्र भगवान का अर्पित करने से ही उसको अभिष्ट फल की प्राप्ति होती है। कारण की भगवान शिव को जलधारा अतिप्रिय है। भगवान को भोलेनाथ कहा जाता है। इस कारण से भगवान शिव अतिशीघ्र प्रसन्न हो जाते हैं। इस दौरान दिगम्बर रविगिरि महाराज ने भी भगवान का अभिषेक कर लोक कल्याण की कामना की।


