फर्जी मैसेज से 20 हजार की ठगी, नोटों की माला और नगदी लेकर बाइक सवार टप्पेबाज फरार

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर के सुल्तानपुर नगर पंचायत में टप्पेबाजों ने एक दुकानदार को फर्जी मैसेज दिखाकर 20 हजार रुपये की ठगी कर ली। घटना के बाद पीड़ित ने सुल्तानपुर चौकी पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर निवासी महरबान की जनता इंटर कॉलेज के पास अकसद बैंगल स्टोर एंड चूड़ी सेंटर के नाम से दुकान है। शनिवार सुबह करीब सवा दस बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे। युवकों ने दुकानदार से 100-100 रुपये के नोटों की गड्डी और नोटों की माला मांगी। दुकानदार ने भरोसा कर दोनों सामान उन्हें दे दिए।
जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो युवकों ने कहा कि उनके पास नकद नहीं है और वे ऑनलाइन भुगतान कर देंगे। इस पर दुकानदार ने स्कैनर न होने की बात कही। युवकों के जोर देने पर दुकानदार ने अपना मोबाइल नंबर दे दिया। इसके बाद टप्पेबाजों ने दुकानदार के नंबर पर 20 हजार रुपये ट्रांसफर करने का फर्जी मैसेज दिखा दिया।


दुकानदार ने जब अपना खाता चेक किया तो उसमें कोई रकम नहीं आई थी। इस पर आरोपियों ने नेटवर्क की समस्या बताकर कुछ देर में पैसे आने की बात कही और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित का पुत्र तौसिफ सुल्तानपुर चौकी पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने अली चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों टप्पेबाज लक्सर की ओर मोटरसाइकिल से भागते दिखाई दिए।


पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है,आस पास लगे cctv कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *