हरिद्वार। पंजाब नेशनल बैंक में आग लगने से बैंक के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हादसा सिविल लाइन रूड़की कोतवाली क्षेत्र के बेलड़ा गांव में हाईटेंशन बिजली की लाईन में शार्ट सर्किट होने से हुआ। बताया जा रहा है कि बैंक में रखा 12 लाख का कैश बचा लिया गया। आग के कारण बैंक के आसपास के घरों के बिजली के उपकरण भी पूरी तरह से जल गए। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत कंे बाद आग पर काबू पाया।
बता दें कि हरिद्वार रोड़ स्थित बेलड़ा गांव में पंजाब नेशनल बैंक में शुक्रवार को हाईटेंशन बिजली की लाइन में स्पार्किंग हो गई। स्पार्किग के कारण बैंक में आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरे बैंक को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। बैंक से आग की लपटें निकलती देख किसी ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की टीम पहुंची। अमकल की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग को बुझाने का प्रयास किया।
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। आग के कारण बैंक में रखे कम्प्यूटर, दस्तावेज व अन्य सामान जलकर राख हो गया। बैंक में रखे कैश में से 12 लाख कैश बचा लिया गया। बैंक में आग लगने से आसपास के करीब20 घरों के बिजली के उपकरण फुंक गए। आग से लाखांें रुपये का नुकसान हुआ।


