भ्रष्टाचार के खिलाफ बामसेफ व भारत मुक्ति मोर्चा का धरना,अधिकारियों पर मनमानी के आरोप

विनोद धीमान
हरिद्वार। तहसील लक्सर परिसर में बामसेफ, भारत मुक्ति मोर्चा एवं अफ़सूट संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बहुजन क्रांति मोर्चा के बैनर तले एकदिवसीय धरना प्रदर्शन कर जिले के विभिन्न विभागों में हो रहे व्यापक भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।

धरने को संबोधित करते हुए बहुजन क्रांति मोर्चा के प्रदेश संयोजक भंवर सिंह ने कहा कि “जिला हरिद्वार के कई विभाग सरकारी योजनाओं के अंतर्गत निर्माण कार्यों में नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम मोहम्मदपुर कुन्हारी में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध निर्माण और कब्जा प्रशासन की नाक के नीचे जारी है।

भंवर सिंह के अनुसार, जिलाधिकारी के आदेश पर तहसील प्रशासन ने जांच कर भूमि को ग्राम समाज की बताकर अपनी रिपोर्ट सरकार को भेज दी, लेकिन इसके बावजूद भी अवैध निर्माण रुकना तो दूर, और तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि संगठन भ्रष्टाचार संबंधी कई शिकायतें पहले ही जिलाधिकारी को सौंप चुका है, लेकिन संबंधित अधिकारी आदेशों को नजरअंदाज कर खुलेआम भ्रष्टाचार कर रहे हैं तथा निर्माण कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने से भी इनकार कर रहे हैं।

बहुजन क्रांति मोर्चा के जिला अध्यक्ष महिपाल सिंह ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों पर शीघ्र कानूनी कार्रवाई नहीं करता, तो संगठन पहले चरण में पूरे हरिद्वार जिले की तहसीलों में धरना प्रदर्शन करेगा और दूसरे चरण में बड़ी रैली निकालकर भ्रष्टाचारियों को जनता के बीच बेनकाब करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में प्रशासन विफल रहता है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

धरने में प्रदेश से लेकर जिले तक के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से
भंवर सिंह (प्रदेश संयोजक, बहुजन क्रांति मोर्चा उत्तराखंड), महिपाल सिंह (जिला अध्यक्ष, हरिद्वार), सुरेंद्र कुमार (राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष, राष्ट्रीय क्रिश्चियन मोर्चा, नई दिल्ली), रमेश चंद (जिला संगठन सचिव), राजू (जिला सचिव), आशीष कुमार (जिला मीडिया प्रभारी), सोनू कुमार (जिला सचिव), विनोद कुमार (उपाध्यक्ष), सुभाष चंद्र (मीडिया प्रभारी), दिनेश कुमार राणा (जिला संगठन सचिव), तेलूराम बौद्ध सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *