गजब: अब आचार्य महामण्डलेश्वर बनेंगे महंत!

हरिद्वार। अब एक बड़े अखाड़े के आचार्य महामण्डलेश्वर एक मठ के महंत बनेंगे। ऐसा हम नहीं स्वंय आचार्य ने न्यायालय में अपने बयान देकर दावा किया है।


सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गुजरात के जूनागढ़ स्थित एक मठ की महंताई को लेकर विवाद चल रहा है। जिसमें फिलहाल एक बड़े महंत काबिज हैं। किन्तु एक अखाड़े के आचार्य ने भी स्वंय को मठ का महंत बनने के लिए दावा किया है। आचार्य का दावा है कि ब्रह्मलीन महंत के वही असली शिष्य हैं। जबकि वर्तमान में मठ पर जिस महंत का कब्जा है वह ब्रह्मलीन महंत, जो मठ के मालिक थे उनका शिष्य नहीं है। लिहाजा उन्हें महंत माना जाए।


हालाकि आचार्य ने अखाड़ा बदलने की बात भी कही है। अपने दावे में उन्होंने कहाकि फिलहाल वह दूसरे अखाड़े के आचार्य हैं, किन्तु जिस समय उनकी महंताई हुई थी, वह उसी अखाड़े में थे, जिस अखाड़े के कब्जे में फिलहाल मठ है।


बताते हैं कि जिस अखाड़े के नियंत्रण में मठ है, उसके बायलॉज में स्पष्ट लिखा है कि मठ का महंत वहीं व्यक्ति हो सकता है, जो ब्राह्मण कुल में उत्पन्न हुआ हो और नेष्ठिक ब्रह्मचारी हो। साथ ही उस अखाड़े की परम्परा का भी हो। अब चूंकि आचार्य जी ब्रह्मचारी तो रहे नहीं ऐसे में उनका दावा कितना कारगर होता है, यह समय ही बताएगा। बहरहाल आचार्य से महंत बनने के दावे की चर्चा संतों में आम है।


सूत्र बताते हैं कि जिस वर्तमान महंत को आचार्यजी ब्रह्मलीन महंत का चेला मानने से इंकार कर रहे हैं, कभी दोनों के बीच दांत काटी रोटी हुआ करती थी। कई बड़े कार्यों में दोनों ने एक-दूसरे का साथ भी दिया। अब ऐसी बेरूखी हुई की एक मठ के लिए कोर्ट तक मामला पहुंच गया। देखना दिलचस्प होगा की आचार्य क्या महंत बन पाते हैं या फिर वर्तमान महंत आचार्य को पटखनी दे पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *