तमंचा दिखाकर आईफोन 14 लूटने का प्रयास, आरोपी को युवकों ने दबोचा

मोबाइल शॉप से एक बदमाश हथियार के बल पर आईफोन 14 प्रो लूटकर भागने लगा। हालांकि, उसका यह प्रयास सफल नहीं हुआ। क्योंकि दुकान के बाहर खड़े दो युवकों ने उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मामला रुद्रपुर से सामने आया है।


रुद्रपुर बाजार स्थित मामले में सागर मोबाइल के मालिक विक्की बुसरा ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। जिसमें विक्की बुसरा ने बताया कि आज सुबह करीब 10.50 बजे एक युवक मुंह में कपड़ा बांधकर दुकान में घुसा और दुकान के कर्मचारी विष्णु राणा से आईफोन 14 प्रो दिखाने को कहा। आईफोन देखने के बाद आरोपी ने मोबाइल से पेमेंट की बात कही तो, कर्मचारी स्कैनर लेने चला गया। जैसे ही वह स्कैनर लेकर पहुंचा तो, आरोपी ने कर्मचारी को तमंचा दिखा कर शोर ना मचाने की बात कही। साथ ही शोर मचाने पर गोली मारने की बात कही। जिसके बाद आरोपी आईफोन 14 प्रो जिसकी कीमत करीब 1 लाख 37 हजार रुपये थी। उसे लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन बाहर खड़े युवकों ने उसे दबोच लिया। जिसके बाद आरोपी को पकड़ दुकान मालिक ने पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने आरोपी से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। मोबाइल लूटने की यह घटना शॉप में लगी सीसीटीवी में कैद हो गई।


एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया की दुकान में घुसकर तमंचा के बल पर मोबाइल लूटने का प्रयास करने का मामला सामने है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही पुलिस आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। आरोपी यूपी के डिबडीबा का रहने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *