भाजपा नेता व ग्राम प्रधान के घर पर हमला, 15 से अधिक घायल, क्षेत्र में तनाव

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्राम प्रधान प्रमोद पाल के आवास पर 20 से अधिक लाठी-डंडों से लैस लोगों ने अचानक धावा बोल दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर जमकर मारपीट की, जिसमें ग्राम प्रधान प्रमोद पाल, उनके भाई मनोज कुमार समेत 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर कई वाहनों में सवार होकर पहुंचे और हमला शुरू कर दिया। घर के भीतर मौजूद लोगों को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से बेरहमी से प्रहार किए गए। हमले के दौरान महिलाओं और बच्चों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।


स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ भी की और काफी देर तक उत्पात मचाया। घटना में गंभीर रूप से घायल ग्राम प्रधान प्रमोद पाल और उनके भाई मनोज कुमार का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है, जबकि अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज जारी है।


सूत्रों के अनुसार ग्राम प्रधान और हमलावर पक्ष के बीच पूर्व से किसी विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि हमले में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष समेत कई लोग शामिल थे, हालांकि पुलिस ने अभी किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।


थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
घटना के बाद ग्राम प्रधान के समर्थकों ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *