हरिद्वार। रुड़की के मछली बाजार में राष्ट्रीय ध्वज से मछलियों को ढकाने के मामले में पुलिस ने आरोपी मछली विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर आजादी के जश्न को अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया गया। जिसमें लोगों ने बढ़ चढ़कर भागीदारी की। तिरंगा सिर्फ घरों में नहीं लगा, बल्कि लोगों ने अपने वाहनों से लेकर विभिन्न स्थानों पर लगाए।
तिरंगे के अपमान की एक तस्वीर रूडकी से सामने आई, जहां एक मछली विक्रेता ने तिरंगे से मछलियों के बर्तन को ढक दिया। तस्वीरें वायरल हुईं और मामला पुलिस तक जा पहुंचा। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी अनवर पुत्र नूर हसन (65) ने राष्ट्रीय ध्वज में मछलियां लपेटकर तिरंगे का अपमान किया था। जिसे सम्बंधित धाराओं में चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। उन्होंने बताया कि आदर्श शिवाजी नगर रुड़की निवासी दिग्गपाल सिंह पुत्र गबर सिंह ने मंगलवार को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी।


