हरिद्वार। महिला ने अपने पति पर प्रताडि़त किए जाने एवं अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। लक्सर निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पहले पति की मौत के बाद लक्सर निवासी विनोद के साथ उसने दूसरी शादी कर ली थी।
महिला ने बताया उसका दूसरा पति नशे का आदी है तथा उसके अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध हैं। जिसके चलते वह नशे की हालत मे आए दिन उसे तरह-तरह से प्रताडि़त व परेशान करता रहता है। महिला के पहले पति से तीन बच्चे हैं। आरोपित पति द्वारा उसके तथा बच्चों के साथ अक्सर मारपीट की जाती है। जिससे उनका जीना मुश्किल हो गया है।
आरोप है कि नशे की हालत में उसका पति उसके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का दबाव बनाता है। उसके इंकार करने पर उसे बुरी तरह मारता-पीटता है तथा प्रताडि़त करता है। पति के उत्पीड़न से वह तथा उसके बच्चे बेहद परेशान हैं। महिला ने पुलिस से आरोपित पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं कोतवाल राजीव रौथान ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर आरोपित पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।