गैस की कालाबाज़ारी पर प्रशासन सख्त, एसडीएम व तहसीलदार ने एजेंसियों का किया निरीक्षण

विनोद धीमान

लक्सर। मध्य-पूर्व के देशों में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर गैस की कमी से जुड़ी अफवाहें फैलने के बीच तहसील प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में लक्सर एसडीएम सौरव असवाल और तहसीलदार शुभांगिनी ने तहसील क्षेत्र के अंतर्गत संचालित एलपीजी गैस एजेंसियों और उनके गोदामों का औचक निरीक्षण किया।


बताया जा रहा है कि ईरान, सऊदी अरब और इराक समेत मध्य-पूर्व के कुछ देशों में जारी तनाव और युद्ध की खबरों के बाद कुछ जगहों पर गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैल रही हैं। इन अफवाहों के चलते कहीं-कहीं जमाखोरी और कालाबाज़ारी की आशंका भी जताई जा रही है।
इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र की गैस एजेंसियों की आपूर्ति व्यवस्था और स्टॉक की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एजेंसी के गोदामों में उपलब्ध सिलेंडरों की संख्या, स्टॉक रजिस्टर और वितरण व्यवस्था की जांच की।


एसडीएम सौरव असवाल ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपनी एजेंसी के बाहर एक बोर्ड पर प्रतिदिन उपलब्ध गैस सिलेंडरों के स्टॉक की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें, ताकि आम उपभोक्ताओं को सही स्थिति की जानकारी मिल सके और अफवाहों पर रोक लग सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, कालाबाज़ारी या उपभोक्ताओं को परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


एसडीएम सौरव असवाल ने बताया कि लक्सर में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है गैस की कोई किल्लत नहीं है। लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *