नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार

हरिद्वार। पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी महाराष्ट्र भाग गया था और वहां से वापस दिल्ली पहुंचने पर पुलिस ने उसे धर दबोचा।


पुलिस के अनुसार, 14 मई को कोटा मुरादनगर निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही सादिक पुत्र फरमान ने उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। नाबालिग से दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी।


जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपित के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लेकर उसकी लोकेशन ट्रेस की। लगातार लोकेशन का पीछा करते हुए पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपित दिल्ली पहुंच चुका है। इसके बाद पुलिस टीम ने 20 मई को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली से आरोपित सादिक पुत्र फरमान निवासी कोटा मुरादनगर, कोतवाली पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में आरोपित ने बताया कि घटना के बाद वह गांव से फरार हो गया था। हरिद्वार से ट्रेन पकड़कर महाराष्ट्र चला गया था और वहां से पुणे होते हुए दिल्ली पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *