पार्षद सुमित त्यागी पर मां और पत्नी से मारपीट का आरोप, लोहे की रॉड से हमला कर किया घायल

बेटी को बचाने पहुंची मां का सिर फटा, बहन के पेट पर मारी लातय वीडियो बनाने पर मोबाइल छीना, जान से मारने की धमकी देने का आरोप


हरिद्वार।
कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान राजा गार्डन के पार्षद सुमित त्यागी पर अपनी पत्नी, सास और साली के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। आरोप है कि पत्नी को बचाने पहुंची सास के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया गया। वहीं, बीच-बचाव करने आई साली के पेट पर लात मारकर उसे भी घायल कर दिया गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, नूतन त्यागी निवासी बालाजीपुरम कॉलोनी जगजीतपुर ने बताया कि उनकी बेटी साक्षी त्यागी का विवाह 11 मई 2026 को राजा गार्डन, जगजीतपुर निवासी पार्षद सुमित त्यागी के साथ हुआ था। आरोप है कि 14 नवंबर की सुबह करीब दस बजे बेटी का फोन आया। वह रोते हुए कह रही थी कि मम्मी मुझे बचा लो, ये लोग मुझे जान से मार देंगे और पति सुमित उसके साथ मारपीट कर रहा है।

इस पर नूतन अपनी बड़ी बेटी सिमरन त्यागी को लेकर सुमित के घर पहुंचीं। वहां पहले से पुलिस मौजूद थी। आरोप है कि नूतन ने साक्षी की सास मीना त्यागी से बैठकर शांति से बात करने को कहा तो उन्होंने साक्षी को धक्का देकर घर से बाहर गिरा दिया और उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर सुमित त्यागी ने नूतन के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इससे उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। मां को बचाने पहुंची सिमरन के पेट पर साक्षी के देवर केतन त्यागी ने लात मार दी, जिससे वह भी जमीन पर गिर गई।

आरोप है कि साक्षी घटना की मोबाइल से वीडियो बना रही थी। इस दौरान सुमित ने उस पर भी लोहे की रॉड से हमला किया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। साथ ही धमकी दी कि यदि वीडियो कहीं भी प्रसारित की गई तो सभी को जान से मरवा देगा। उसने खुद को क्षेत्र का पार्षद बताते हुए गोली मरवाने की धमकी भी दी।

नूतन के अनुसार, वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर किसी तरह वहां से निकलीं और जगजीतपुर चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उन्हें मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां नूतन, साक्षी और सिमरन की चोटों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। तहरीर में घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद होने की बात भी कही गई है। पीड़िता ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *