हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र के दुर्गा चौक अंडरपास के पास बुधवार को सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कार ऊंची लपटों से घिर गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धूकर जलने लगी।
घटना के समय कार में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
पुलिस और दमकल विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


