पार्किंग विवाद में निकाली रिवॉल्वर, चार राउंड फायरिंग से दहला हरिपुर कला

वाहन हटाने को लेकर हुआ था विवाद, लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ चलाईं गोलियां, आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार।
हरिद्वार सीमा से सटे हरिपुर कला में वाहन पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदलने से बच गया। गुस्से में आए एक युवक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर एक के बाद एक चार राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोग घरों में दुबक गए, जबकि कुछ लोगों ने छतों से घटना का वीडियो बना लिया। गनीमत रही कि फायरिंग में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

रायवाला थाना प्रभारी मोहन सिंह के अनुसार, घटना 23 नवंबर की रात करीब 10 बजे हरिपुर कला के इंटर कॉलेज रोड की है। शिवम लिंगवाल पुत्र नंदलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि धर्मपाल उर्फ मुन्ना उनके घर के सामने पहुंचा और वहां खड़ी उनकी मोटरसाइकिल तथा पड़ोसी भास्कर की कार को लात मारने लगा। इसके बाद उसने गाली-गलौज करते हुए वाहन हटाने को कहा।
शिवम और उनके परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी आक्रोशित हो गया। आरोप है कि उसने जेब से रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान शिवम के साथ मौजूद भाई-बहन बाल-बाल बच गए, जबकि एक गोली कार संख्या यूके 08 टीए-9578 में जा लगी। आरोपी ने कुल चार राउंड फायर किए।

फायरिंग के बाद घरों में दुबके लोग
अचानक गोलियां चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घबराकर घरों में छिप गए। कुछ लोगों ने अपने घरों की छतों से घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। सूचना मिलते ही रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष देर रात तक कोतवाली में डटा रहा।

पीड़ित की तहरीर पर 24 नवंबर को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी धर्मपाल उर्फ मुन्ना (45) पुत्र प्रेम सिंह निवासी इंटर कॉलेज रोड, हरिपुर कला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर और चार खोखे बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों से भी जुटा रही है।

थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *