लक्सर में विकास कार्य को हरी झंडी, टांडा महतोली-शेरपुर मार्ग का होगा कायाकल्प
2.62 करोड़ की सड़क पर गरमाई सियासत, पूर्व विधायक बोले- झूठ ज्यादा दिन नहीं टिकता
पूर्व विधायक संजय गुप्ता और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ke प्रयासों से निर्माण को मंजूरी
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर है। सुल्तानपुर-बाकरपुर मार्ग पर टांडा महतोली तिराहे से ग्राम शेरपुर तक सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने 2 करोड़ 62 लाख 56 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क को मंजूरी दे दी है। इसके संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू होने की उम्मीद है। सड़क बनने से क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों की लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग थी। सड़क की खराब स्थिति के चलते लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के साथ सड़क निर्माण के लिए प्रयास किए थे। उनके प्रयासों के बाद शासन स्तर से सड़क निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। अब 2.62 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से इस मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।
वहीं, इस सड़क की स्वीकृति को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक श्रेय लेने की चर्चा भी शुरू हो गई है। लक्सर के वर्तमान विधायक शहजाद की ओर से भी उक्त सड़क की स्वीकृति कराने का दावा किए जाने की बात सामने आई है। इस पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने प्रतिक्रिया देते हुए इसका खंडन किया। दोनों नेताओं ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए उनके स्तर से लगातार प्रयास किए गए थे, जिसके बाद शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

