पत्नी पर टिप्पणी के विवाद में आकाश पर जानलेवा हमला, पांच आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र स्थित रामगढ़ नई बस्ती में युवक आकाश पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार सैनी (53) पुत्र फूल सिंह, आनंद सैनी (37) पुत्र फूल सिंह, सुमित सिंह (32) पुत्र फूल सिंह, अंकुल सैनी (25) पुत्र राजकुमार सैनी और ऋषभ (19) पुत्र राजकुमार सैनी के रूप में हुई है। सभी आरोपी रामगढ़, संतोषी माता मंदिर के निकट, नई बस्ती खड़खड़ी, कोतवाली नगर हरिद्वार के निवासी हैं।


गौरतलब है कि रामगढ़ नई बस्ती निवासी आकाश ने आरोप लगाया था कि बीती रात उसकी पत्नी बाजार में सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने उसकी पत्नी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था।
आकाश के मुताबिक, अगली सुबह जब वह घर से बाहर निकला तो आरोपियों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। मारपीट में उसे चोटें आईं। शोर सुनकर पहुंचे उसके पिता ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। घटना के बाद पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया था।


मामले में पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *