हरिद्वार में बसपा को झटका, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नाथीराम समर्थकों संग भाजपा में शामिल

2027 के चुनाव से पहले भाजपा ने बढ़ाई सियासी ताकत, हरिद्वार में पिछली कमी दूर करने का महेंद्र भट्ट ने किया दावा


देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने हरिद्वार में अपनी सियासी ताकत बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नाथीराम अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नाथीराम समेत अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस दौरान महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का भाजपा से जुड़ना बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा हरिद्वार में अपनी पिछली कमी दूर करते हुए सबसे अधिक सीटें जीतने में सफल होगी। उन्होंने प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का भरोसा भी जताया।
भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड में पिछले विधानसभा चुनाव में सत्ता में दोबारा नहीं लौटने का मिथक टूटा था, लेकिन हरिद्वार में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। अब बसपा के अनुभवी नेताओं और कार्यकर्ताओं के भाजपा में आने से पार्टी को नई ताकत मिलेगी।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला है। गरीबों के लिए आवास, शौचालय, रसोई गैस, बिजली, पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के साथ सड़क एवं परिवहन सुविधाओं में सुधार से लोगों का जीवन बदला है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने परिवारवाद की राजनीति को चुनौती दी है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी में शामिल हुए पिछड़े, अनुसूचित और अल्पसंख्यक समाज के लोगों की भागीदारी का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न वर्गों के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं और विपक्षी दल भाजपा के खिलाफ भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में भी भाजपा के प्रति राजनीतिक धारणा बदलने की उम्मीद जताई।


भाजपा में शामिल होने के बाद डॉ. नाथीराम ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक बसपा में काम किया है, लेकिन अब वह अपने समर्थकों के साथ प्रदेश के विकास की मुख्यधारा में भागीदारी करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे।


नाथीराम के साथ बसपा के जिला प्रभारी फकीरचंद, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, पूर्व जिला प्रभारी विक्रम सिंह, पूर्व लोकसभा प्रभारी अधिवक्ता पदम सिंह, पूर्व विधानसभा प्रभारी सोमपाल प्रधान, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विकास कुमार और प्रदेश सचिव राम सिंह कश्यप सहित कई नेता भाजपा में शामिल हुए।
इसके अलावा इंजीनियर लखन सिंह प्रधान, सुशील कुमार प्रधान, युवराज प्रधान, अर्जुन सिंह प्रधान, डॉ. वीरेंद्र सिंह, जसविंदर सिंह, मुकर्रम प्रधान, इस्तकार प्रधान, फुरकान प्रधान, लियाकत अली, जावेद अहमद और नौशाद अहमद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।


हरिद्वार में नए राजनीतिक समीकरण की कोशिश
बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेताओं के भाजपा में शामिल होने को हरिद्वार की राजनीति में नए समीकरण बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *