राहगीरों को आकर्षित करने की होड़ में भिड़ीं महिलाएं, शिवमूर्ति चौक पर मचा हंगामा

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के शिवमूर्ति चौक पर गुरुवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब महिलाओं के दो पक्षों की 16 महिलाएं आपस में भिड़ गईं। आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच तनातनी बढ़ने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट की नौबत आने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की कुल 16 महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने और विवाद की स्थिति पैदा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस उपाधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रही है।

शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि महिला उपनिरीक्षक निशा सिंह पुलिस टीम के साथ शिवमूर्ति चौक से रेलवे गेट की ओर चेकिंग कर रही थीं। इस दौरान होटल, ढाबों और धर्मशालाओं की निगरानी के साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था भी देखी जा रही थी। इसी बीच रेलवे गेट नंबर पांच के सामने महिलाओं के दो पक्षों के बीच गाली-गलौज और झगड़े की स्थिति दिखाई दी। दोनों पक्षों की महिलाएं एक-दूसरे से उलझ रही थीं और मारपीट पर आमादा थीं।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई तो विवाद की वजह आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर हुआ झगड़ा सामने आया। पुलिस ने आशंका जताई कि विवाद बढ़ने से सार्वजनिक शांति भंग होने के साथ संज्ञेय अपराध की स्थिति पैदा हो सकती है।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत दोनों पक्षों की आठ-आठ महिलाओं, कुल 16 महिलाओं को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर स्थिति नियंत्रित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *