अंकिता भंडारी प्रकरण और वोट चोरी पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

डा. रागिनी नायक बोलीं- अंकिता को न्याय दिलाने तक जारी रहेगा संघर्ष, महिलाओं के मुद्दे पर भाजपा के नारे खोखले


हरिद्वार। अंकिता भंडारी प्रकरण और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. रागिनी नायक ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। भाजपा के महिला सुरक्षा से जुड़े नारे खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और भाजपा शासित राज्यों की सरकारें महिलाओं और बेटियों पर अत्याचार करने वालों को संरक्षण दे रही हैं।


डा. रागिनी नायक ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी का मुद्दा विपक्ष ने ही नहीं, बल्कि भाजपा के नेताओं ने भी उठाया था। उनके मुताबिक, कथित वीआईपी की तलाश के लिए जनवरी 2026 में सीबीआई ने मामला दर्ज किया और जांच अभी जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि संदेह के घेरे में बताए जा रहे व्यक्ति को संवैधानिक पद पर बैठाकर भाजपा ने जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं चुनाव में अपने वोट की ताकत से भाजपा को जवाब देंगी।


डुप्लीकेट सिम को लेकर भी उठाए सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता ने अंकिता भंडारी के फोन और डुप्लीकेट सिम का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अंकिता का फोन नहीं मिलने पर उसका डुप्लीकेट सिम निकलवाया गया, जिससे कई बातें सामने आईं। हालांकि, उनके आरोप के अनुसार, आरोपी पुलकित आर्य का डुप्लीकेट सिम अब तक नहीं निकलवाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि इससे कथित वीआईपी के बारे में जानकारी सामने आ सकती थी या नहीं। इस संबंध में उन्होंने जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।


डा. नायक ने कहा कि न्याय की मांग कर रहे अंकिता के माता-पिता जब दिल्ली में इंडिया गेट पर धरना देते हैं तो उन्हें वहां से हटा दिया जाता है। कांग्रेस अंकिता और उसके परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।


वोट चोरी के आरोपों पर भी भाजपा को घेरा
वोट चोरी का आरोप लगाते हुए डा. रागिनी नायक ने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2023 में कानून में संशोधन कर चुनाव आयुक्तों को कानूनी कार्रवाई से संरक्षण प्रदान किया। उन्होंने दावा किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अब तक 13 करोड़ से अधिक लोगों के वोट काटे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर लगातार आवाज उठा रहे हैं।


उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने सभी प्रदेशों में पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। उनके अनुसार, जनता भी वोट चोरी के कथित खेल को समझने लगी है।


प्रेस वार्ता में एआईसीसी मीडिया कोऑर्डिनेटर पांखुरी पाठक, गरिमा दसौनी, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, फुरकान अली एडवोकेट और ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *