चाणक्य शाखा का भव्य पथ संचलन, पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

विजयादशमी उत्सव पर स्वयंसेवकों ने दिया राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश


हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस एवं विजयादशमी के अवसर पर चाणक्य शाखा, हरिद्वार क्षेत्र की ओर से शस्त्र पूजन एवं भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। आर्यनगर, नंदपुरी और मयूर विहार कॉलोनी क्षेत्र में पूर्ण गणवेश में निकले सैकड़ों स्वयंसेवकों ने अनुशासित कदमताल के साथ राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। पथ संचलन का स्थानीय निवासियों ने देशभक्ति गीतों और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ शस्त्र पूजन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता एवं पूर्व जिला संघचालक रोहिताश्व कुँवर चौहान ने विजयादशमी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रभु श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यपरायणता के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि विजयादशमी केवल उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि अपनी नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय प्राप्त करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेने का अवसर है। राष्ट्र निर्माण समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वयंसेवकों को सेवा, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक समरसता के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।


चौहान ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की पृष्ठभूमि, कार्यपद्धति और सामाजिक क्षेत्रों में संघ की भूमिका पर भी विचार रखे। उन्होंने संघ के मूल भाव ‘इदं राष्ट्राय, इदं न मम’ का उल्लेख करते हुए राष्ट्रहित को व्यक्तिगत हितों से ऊपर रखने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने का संदेश दिया।


नगर संघचालक एवं अधिवक्ता ज्ञानेश्वर ठकराल ने स्वयंसेवकों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने और राष्ट्रसेवा के कार्यों में सक्रिय रहने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में मुख्य शिक्षक की भूमिका अमरेश कुमार ने निभाई। शाखा कार्यवाह राजेन्द्र रूहेला ने मंच का परिचय कराया। डॉ. अश्वनी ने एकल गीत प्रस्तुत किया, जबकि प्रिय पराक्ष ने अमृत वचन का वाचन किया।


इस अवसर पर बस्ती प्रमुख ब्रह्मपाल, सह बस्ती प्रमुख वेदपाल, व्यवस्था प्रमुख देवी प्रसाद, पार्षद पति सतेन्द्र चौधरी, पार्षद आकाश चौहान, पार्षद अनुज सिंह, नगर संपर्क प्रमुख सुशील सैनी, उपनगर शारीरिक प्रमुख उमेश मिश्रा, नगर कार्यवाह डॉ. अनुराग, डॉ. आलोक, डॉ. सुधीर रूहेला, डॉ. मोहित, अभिषेक त्यागी, प्रमोद चौहान, प्रमोद त्यागी, ब्रजकिशोर, सुभाष, होशियार सिंह, अशोक गुप्ता, अभिनव, मानस गोयल, सत्यप्रकाश, ओमप्रकाश, विनोद शर्मा, कार्तिक, अतुल चौहान, विशाल राठौर, दीपक राजपूत, अरविंद सैनी सहित अनेक स्वयंसेवक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *