महिला अधिवक्ता का जूनियर बताकर कोर्ट स्टाफ से ली फाइल, मूल दस्तावेज गायब मिलने पर मचा हड़कंप
हरिद्वार। हरिद्वार के प्रधान कुटुंब न्यायालय में फिल्मी अंदाज में फाइल चोरी करने का मामला सामने आया है। एक युवक खुद को महिला अधिवक्ता का जूनियर बताकर अपने ही मुकदमे की पत्रावली लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि युवक ने फाइल का कवर टेबल पर छोड़ दिया और अंदर रखे मूल दस्तावेज लेकर चंपत हो गया। मामले में सिडकुल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। घटना 13 अक्टूबर की बताई जा रही है।
कोर्ट में तैनात आदेशिका वाहक धर्मवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इसरार नाम का युवक न्यायालय पहुंचा और खुद को अधिवक्ता अलविना का जूनियर बताते हुए रेशमा बनाम इसरार मुकदमे की फाइल का निरीक्षण करने की बात कही। उसकी बात पर विश्वास करते हुए कोर्ट स्टाफ ने उसे पत्रावली उपलब्ध करा दी।
आरोप है कि युवक ने चालाकी से फाइल का खाली कवर टेबल पर छोड़ दिया और अंदर रखे मूल दस्तावेज लेकर वहां से निकल गया। कुछ देर बाद स्टाफ ने फाइल देखी तो कवर खाली मिला। इसके बाद युवक की तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। महिला अधिवक्ता अलविना से संपर्क करने पर उन्होंने भी इसरार नाम के किसी जूनियर के बारे में जानकारी होने से इनकार किया।
अपने ही मुकदमे की फाइल ले जाने का आरोप
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह के अनुसार, न्यायालय की शिकायत पर इसरार के खिलाफ सरकारी दस्तावेज चोरी करने और न्यायालय की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
बताया गया कि चोरी हुई पत्रावली रेशमा बनाम इसरार के नाम से दर्ज है और फाइल ले जाने वाले युवक ने भी अपना नाम इसरार बताया था। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या युवक ने अपने ही मुकदमे से जुड़े दस्तावेज गायब करने के इरादे से ऐसा किया। हालांकि, इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पति-पत्नी के बीच चल रहा है पारिवारिक विवाद
जानकारी के अनुसार, रेशमा और इसरार के बीच पारिवारिक विवाद का मामला प्रधान कुटुंब न्यायालय में विचाराधीन है। रेशमा पहले भी अपने पति के खिलाफ बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने और प्रताड़ित करने की शिकायत कर चुकी हैं। इसरार लक्सर तहसील के पथरी थाना क्षेत्र स्थित मुस्तफाबाद का निवासी बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

