मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने की उच्चस्तरीय समिति की बैठक, गंग नहर की क्लोजर अवधि का पूरा उपयोग करने पर जोर
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और विभागीय समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, विभिन्न विभागों के प्रस्तावों और मेले के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। इसके लिए निर्माण स्थलों पर श्रमिकों, मशीनरी और अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
गंग नहर की क्लोजर अवधि पर विशेष फोकस
घाटों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने गंग नहर की क्लोजर अवधि का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्लोजर के दौरान होने वाले कार्यों की सभी तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं। निर्माण सामग्री, मशीनरी और श्रमिकों की व्यवस्था समय रहते कर ली जाए, ताकि काम शुरू होने के बाद संसाधनों की कमी से समय बर्बाद न हो। घाटों के साथ सड़कों और पुलों के निर्माण में भी तेजी लाने तथा जरूरत के अनुसार दिन-रात काम कराने पर जोर दिया गया।
त्योहारों में श्रमिकों की कमी से न रुके काम
आगामी त्योहारों के मद्देनजर मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं को श्रमिकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान श्रमिकों की संख्या में संभावित कमी को ध्यान में रखते हुए अग्रिम व्यवस्था की जाए। निर्माण कार्यों की प्रकृति और समयसीमा के अनुरूप श्रमिकों एवं संसाधनों की तैनाती बनाए रखी जाए, ताकि काम की गति प्रभावित न हो।
उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित रूप से निर्माण कार्यों की समीक्षा करने और प्रगति में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान करने को कहा। मंडलायुक्त ने जोर दिया कि निर्माण कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, जिससे कुंभ की तैयारियों में अनावश्यक विलंब न हो।
प्रतिदिन हो रही कार्यों की समीक्षा
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण स्थलों पर श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यों में तेजी लाने के लिए दिन-रात निर्माण कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि तैयारियों को काउंटडाउन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है और निर्माण कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार काम पूरे हों और मेले से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रहें।
बैठक में आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी दीपक सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

