मंदिर परिसर में गांजे की खेप बरामद, तीन साधु गिरफ्तार,एक फरार

सुपर्णेश्वर मंदिर में पुलिस की कार्रवाई, छह जीवित पौधे भी मिले, बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब 5.70 लाख रुपये

अरावली। गुजरात के अरावली जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुपर्णेश्वर मंदिर परिसर से 11.397 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार परिसर से छह जीवित गांजे के पौधे भी मिले हैं। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार दर के आधार पर कीमत करीब 5,69,850 रुपये आंकी गई है।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान प्लास्टिक बैग में रखा सूखा गांजा और छह जीवित पौधे बरामद किए गए। मामले में चार संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। इनमें रविकांत उर्फ रविगिरी, रूपसिंह उर्फ रूपगिरी, शरतकुमार और हरदीपगिरी महाराज शामिल हैं। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि हरदीपगिरी महाराज फरार बताया गया है। पुलिस दस्तावेज में हरदीपगिरी महाराज को मंदिर का एडमिनिस्ट्रेटर बताया गया है।

पुलिस के अनुसार रविकांत उर्फ रविगिरी और रूपसिंह उर्फ रूपगिरी वर्तमान में उभरण स्थित सुपर्णेश्वर मंदिर परिसर में रहते हैं। दस्तावेजों में दोनों का मूल निवास देहरादून, उत्तराखंड बताया गया है। वहीं शरतकुमार और हरदीपगिरी महाराज के मूल निवास का संबंध मध्य प्रदेश से बताया गया है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि मंदिर परिसर में गांजे के पौधे कैसे पहुंचे और बरामद सूखा गांजा कहां से लाया गया था। पुलिस गांजे की खेती, संभावित तस्करी नेटवर्क और सप्लाई के स्रोत समेत आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।

मंदिर के मंहत निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत रामसेवक गिरि बताए गए हैं। बताया गया है कि सुपर्णेश्वर मंदिर की व्यवस्था पूर्व में आनंद गिरि महाराज देखते थे। करीब दो वर्ष पूर्व उनके ब्रह्मलीन होने के बाद से उक्त लोग मंदिर परिसर में रह रहे थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *