ईडी-सीबीआई की कार्रवाई पर बोले- दरवाजे पर जांच एजेंसियां आती रहेंगी तो भाजपा का विरोध करता रहूंगा
हरिद्वार। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘पलटूराम’ बताया। हरिद्वार में मीडिया से बातचीत में रावत ने कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार जितना पलटने वाला नेता नहीं देखा।
दिल्ली में हाल ही में हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में सोनिया गांधी की ओर से नीतीश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी के संबंध में पूछे गए सवाल पर रावत ने कहा कि नीतीश कुमार कभी भाजपा के विरोध में सभी राजनीतिक दलों को एकजुट करने में जुटे थे, लेकिन बाद में भाजपा का ही गुणगान करने लगे।
ईडी-सीबीआई आती रहेगी तो भाजपा का विरोध करता रहूंगा
केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए हरीश रावत ने कहा कि जब तक उनके दरवाजे पर ईडी और सीबीआई आती रहेंगी, वह भाजपा का विरोध करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनका जीवन खुली किताब है और जिसको भी जांच करनी है, वह जांच करा सकता है। रावत ने अपने रिश्तेदारों की जांच कराने की बात भी कही।
‘वोट चोरी’ से सरकार का नैतिक बल खत्म होने का आरोप
वोट चोरी के मुद्दे पर रावत ने आरोप लगाया कि जब देश में वोट चोरी होती है तो चुनी हुई सरकारों का नैतिक बल समाप्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि आज की सरकारों का नैतिक बल खत्म हो चुका है और वोट चोरी से बनी सरकारों के जाने का समय आ गया है।
कैप्टन स्मित मच्छार को भारत रत्न देने की मांग
हरीश रावत ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी का उल्लेख करते हुए उन्हें भारत रत्न देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने बहादुरी का परिचय देते हुए 18 लोगों की जान बचाई। उनकी जितनी तारीफ की जाए कम है।
‘टाइगर इज बैक’ पोस्टर रहा आकर्षण का केंद्र
गुरुवार को हरिद्वार में हरीश रावत ने ‘धन्यवाद संवाद यात्रा’ निकाली। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूलमालाओं और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया। बड़े काफिले के साथ निकली यात्रा में सबसे आगे चल रहे वाहन पर ‘टाइगर इज बैक’ का पोस्टर आकर्षण का केंद्र रहा। पोस्टर में जींस और शर्ट पहने हरीश रावत की तस्वीर लगाई गई थी। रावत ने इसे समर्थकों की ओर से किए गए सम्मान का प्रयास बताया। मैंगो फार्म हाउस के पास हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने भी समर्थकों के साथ अपने पिता का स्वागत किया और यात्रा में शामिल हुईं।
रावत ने कहा कि धन्यवाद संवाद यात्रा का उद्देश्य देश और प्रदेश में परिवर्तन की जरूरत का संदेश लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह है और वह इसके लिए सभी का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें पहले भी प्यार और आशीर्वाद दिया है और इसी आशीर्वाद से वह स्वस्थ होकर राजनीति में लौटे हैं। लोगों का आशीर्वाद ही उनकी शक्ति रहा है और आगे भी वह इसके आकांक्षी हैं। यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


