‘चुनाव लड़ा तो जान से मार देंगे’, इकराम हसन को धमकी भरा पत्र मिलने से सनसनी

इकराम हसन और बच्चों को जान से मारने की चेतावनी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
विनोद धीमान


हरिद्वार। चुनावी तैयारियों के बीच आजाद समाज पार्टी के लक्सर विधानसभा प्रभारी इकराम हसन को डाक के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि धमकी भरे पत्र में चुनाव लड़ने पर इकराम हसन और उनके बच्चों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। मामले में उनकी तहरीर पर कोतवाली लक्सर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


इकराम हसन के मुताबिक, वह करीब 15 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं और वर्तमान में आजाद समाज पार्टी के लक्सर विधानसभा प्रभारी हैं। इसी दौरान उन्हें डाक के माध्यम से एक पत्र मिला, जिसमें कथित तौर पर उन्हें चुनाव लड़ने से रोकने की धमकी दी गई है। तहरीर में पत्र का ट्रैकिंग नंबर म्ट816907316प्छ भी दर्ज कराया गया है।

परिवार को निशाना बनाने की धमकी का आरोप
शिकायत के अनुसार, पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि इकराम हसन ने चुनाव लड़ा तो उन्हें और उनके बच्चों को जान से मार दिया जाएगा। साथ ही उनके भाइयों और उनके बच्चों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है।


इकराम हसन ने पुलिस से पत्र भेजने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस धमकी भरे पत्र और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *