महिला कांस्टेबल का पीछा और छेड़छाड़ का आरोप, होमगार्ड पर मुकदमा

हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने कार्यालय में नियुक्त होमगार्ड पर पीछा करने, लगातार परेशान करने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला कांस्टेबल की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद सिडकुल थाना पुलिस ने आरोपी होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, महिला कांस्टेबल ने शिकायत में बताया कि वाचक कार्यालय में तैनात होमगार्ड कुलदीप पिछले कुछ समय से उसे परेशान कर रहा था। आरोप है कि महिला कांस्टेबल ने कई बार उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया।


शिकायत के मुताबिक, महिला कांस्टेबल जहां भी जाती, आरोपी होमगार्ड उसका पीछा करने लगता था। इसके अलावा वह व्हाट्सऐप पर लगातार संदेश भेजकर भी उसे परेशान करता था। महिला कांस्टेबल का आरोप है कि 22 सितंबर को वह सरकारी कार्य से जिलाधिकारी कार्यालय स्थित पोस्ट ऑफिस गई थी। इसी दौरान होमगार्ड उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया।


आरोप है कि पोस्ट ऑफिस के पास होमगार्ड ने महिला कांस्टेबल का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ बदसलूकी की। महिला कांस्टेबल के अनुसार, इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसकी परेशानी के बारे में पूछा। व्यक्ति के वहां पहुंचते ही आरोपी ने उसका हाथ छोड़ दिया और मौके से चला गया।


घटना के बाद महिला कांस्टेबल ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सिडकुल थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।


सिडकुल थाना पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों, घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *