‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग पर पुलिस का शिकंजा, पांच हिरासत में

बहादराबाद में पुलिस की कार्रवाई, 70 हजार रुपये, पांच मोबाइल और नशीला पाउडर बरामद, बोलेरो सीज


हरिद्वार। शादी के नाम पर कथित ठगी के मामले में बहादराबाद पुलिस ने एक महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, महिला ने शादी के बाद पति को विश्वास में लिया और कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाकर घर से नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गई। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य लोगों के साथ ठगी किए जाने के एंगल से भी पड़ताल कर रही है।


मामला ग्राम दौलतपुर का है। पुलिस को दी तहरीर में प्रवेश पुरी ने बताया कि उनके भाई योगेश पुरी के साथ विवाह करने वाली महिला ने कथित तौर पर उसे नशीला पदार्थ खिलाया। इसके बाद मौका पाकर वह घर से नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बहादराबाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला समेत पांच आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद हुआ है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी सीज किया गया है।


पांच लोगों पर पुलिस की नजर
हिरासत में लिए गए लोगों में मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश निवासी 21 वर्षीय महिला, अब्दुल बारी निवासी मिर्जापुर, शामली निवासी एक महिला, पुनीत कुमार निवासी शामली और फतेह सिंह मीना निवासी भरतपुर, राजस्थान शामिल हैं।


पुलिस का कहना है कि बरामदगी और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इसी तरह किसी अन्य व्यक्ति को भी शादी के नाम पर कथित तौर पर निशाना तो नहीं बनाया गया।


शादी से पहले पूरी पड़ताल की अपील
बहादराबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विवाह तय करने से पहले सामने वाले व्यक्ति और उसके परिवार की पहचान, पृष्ठभूमि और अन्य जरूरी जानकारी की अच्छी तरह जांच-पड़ताल करें। पुलिस ने किसी भी तरह के संदेह की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *