भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर-मंसा देवी मार्ग तक 6.5 किमी फुटपाथ का निर्माण जारी, 7.84 करोड़ रुपये होंगे खर्च
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम पैदल आवागमन के लिए पैडिस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ विकसित किए जा रहे हैं। हरकी पैड़ी से प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों तक पैदल संपर्क बेहतर करने के उद्देश्य से विभिन्न मार्गों को व्यवस्थित किया जा रहा है।
इसी क्रम में भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर-मंसा देवी मार्ग तक करीब 6500 मीटर लंबाई में पैडिस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ का निर्माण तेजी से चल रहा है। योजना के लिए 7.84 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पीआईयू, लोक निर्माण विभाग के माध्यम से संचालित इस परियोजना में रेज्ड फुटपाथ बनाए जाने के साथ मार्ग के आसपास लंबे समय से जमा मलबे को हटाकर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान तैयार किया जा रहा है।
भगत सिंह चौक से रेलवे अंडरपास की ओर जाने वाले क्षेत्र में भी आवश्यक सुधार किए जाएंगे। मार्ग के उपयुक्त स्थानों पर ग्रीन प्लांटर एरिया विकसित करने का प्रावधान है। इससे पैदल यात्रियों के लिए अतिरिक्त स्थान मिलने के साथ क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और हरित क्षेत्र भी बढ़ेगा।
बिल्केश्वर मंदिर मार्ग पर दोनों ओर पेव्ड शोल्डर्स, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण और मां मंसा देवी मार्ग का सुधारीकरण भी परियोजना में शामिल है। इसके अलावा केसी नालियों का निर्माण तथा विस्तारित हिस्सों में सड़क निर्माण सहित अन्य जरूरी कार्य किए जाएंगे।
रेलवे अंडरपास के समीप तिराहे की यातायात व्यवस्था को भी परियोजना में बेहतर किया जा रहा है। रेलवे विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण के बाद बनी सहमति के अनुसार यहां साइड की दीवार को कुछ पीछे करते हुए निर्माण किया जाएगा। इससे तिराहे पर मार्ग की चौड़ाई बढ़ेगी और वाहनों के आवागमन तथा मोड़ लेने में सुविधा होगी।
बिल्केश्वर और मां मंसा देवी मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। कुंभ के दौरान हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इन धार्मिक स्थलों की ओर जाने की संभावना है। ऐसे में पैदल मार्गों को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की यह व्यवस्था कुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन में भी सहायक होगी।
मेला प्रशासन के अनुसार हरिद्वार के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी पैडिस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ विकसित किए जा रहे हैं। कुंभ मेला-2027 के लिए तैयार की जा रही व्यवस्थाओं में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता दी जा रही है। परियोजनाओं का लाभ कुंभ के बाद भी शहर के पैदल आवागमन को बेहतर बनाने में मिलेगा।


