डायल-112 पर दी थी तीन बाइक सवारों द्वारा गोली चलाने की सूचना
हरिद्वार। जनपद की भगवानपुर कोतवाली के गागालेड़ी रोड पर तीन बाइक सवार युवकों द्वारा गोली चलाने की सूचना ने सोमवार को भगवानपुर पुलिस को दौड़ा दिया। डायल-112 पर मिली सूचना के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो फायरिंग की पूरी कहानी ही झूठी निकली। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों ने सूचना देने वाले युवक के दावे की पोल खोल दी।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गागालेड़ी रोड पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने कॉलर पर गोली चलाने का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शुभम शर्मा पुत्र चंद्रमणि शर्मा, निवासी सम्राट कॉलोनी, थाना भगवानपुर मौजूद मिला। पुलिस को बातचीत के दौरान उसके नशे में होने का आभास हुआ।
सीसीटीवी खंगाला तो कहानी में निकले झोल
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही कॉलर के बयानों का उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों से मिलान किया गया। जांच के दौरान उसके बयान और मौके से मिले साक्ष्यों में कई गंभीर विरोधाभास सामने आए।
इसके बाद पुलिस ने शुभम से सख्ती से पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर पूरी सच्चाई कबूल कर ली। उसके मुताबिक, वह गागालेड़ी रोड से अपने कमरे की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उससे रास्ता पूछा और किसी बात को लेकर उसकी उनसे कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर उसने डायल-112 पर गोली चलाने की झूठी सूचना दे दी।
झूठी सूचना पर पुलिस ने लिया हिरासत में
फायरिंग और जानलेवा हमले की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में पुलिस ने शुभम शर्मा को हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की उसका चालान कर दिया।


