500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने खोला वाहन चोरी का राज, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय था गिरोह
हरिद्वार। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत झबरेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 19 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भी सक्रिय थे।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को आस मोहम्मद निवासी बिझोली ने ग्राम लाठदेवा शेख, झबरेड़ा से अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदले थे।
इसी बीच चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने फाजिलपुर चौराहे के पास दो आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 18 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान पुत्र मुज्जमिल निवासी तेलीवाला, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार और मोनू पुत्र महेंद्र निवासी बरशेर सिकंदरपुर, थाना सिरौली, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी शक्ति विहार, रेलवे स्टेशन के पास, गंगनहर हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलों में से दो झबरेड़ा, एक हरिद्वार नगर, एक रुड़की और एक सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं। अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस संबंधित जिलों और थाना क्षेत्रों से जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अरमान के खिलाफ झबरेड़ा, गंगनहर, हरिद्वार नगर और सिविल लाइंस रुड़की के अलावा सहारनपुर में भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोनू के खिलाफ झबरेड़ा, हरिद्वार नगर, सहारनपुर और रुड़की में वाहन चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि बरामद 19 मोटरसाइकिलों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।


