कुंभ की विकास योजनाओं पर व्यापारियों की आशंका दूर, ब्लूप्रिंट दिखाकर मेला प्रशासन ने समझाई पूरी तस्वीर

हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार के शंकर आश्रम चौक और पुराना रानीपुर मोड़-परशुराम चौक क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर स्थानीय व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों की आशंकाएं मेला प्रशासन के साथ संवाद के बाद दूर हो गईं। मेला प्रशासन ने सड़क, फुटपाथ, चौराहों के सुधार और सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाओं के ब्लूप्रिंट और डिजाइन स्थानीय लोगों के सामने रखकर प्रस्तावित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।


मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने अधिकारियों के साथ सोमवार को दोनों क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और नागरिकों से संवाद करते हुए कुंभ मेला मद से प्रस्तावित एवं संचालित विकास कार्यों की जानकारी साझा की।


अपर मेलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ हरिद्वार के स्थानीय नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ देना है। हर की पैड़ी से प्रमुख मंदिरों और बाजारों तक सुरक्षित एवं सुविधाजनक पैदल आवागमन के लिए पैदल यात्री अनुकूल फुटपाथ विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा आंतरिक सड़कों और चौराहों का सुधार, सौंदर्यीकरण, पौधारोपण और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था भी प्रस्तावित है।


उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्यों के दौरान व्यापारिक गतिविधियों, स्थानीय आवागमन, वाहनों के संचालन और पार्किंग जैसी व्यावहारिक जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मेलाधिकारी ने सड़क के मध्यवर्ती डिवाइडर की चौड़ाई नहीं बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं।


अपर मेलाधिकारी ने कहा कि मेला प्रशासन स्थानीय लोगों की सहभागिता से योजनाओं को आगे बढ़ाना चाहता है। निर्माण के दौरान मिलने वाले उपयोगी सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा, ताकि विकास कार्यों का लाभ श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भी मिल सके।


संवाद के दौरान व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने माना कि योजनाओं की पूरी जानकारी नहीं होने के कारण पहले कुछ भ्रांतियां और पार्किंग व यातायात को लेकर आशंकाएं थीं। ब्लूप्रिंट और डिजाइन देखने के बाद स्थिति स्पष्ट हुई और उनकी अधिकांश आशंकाएं दूर हो गईं। उन्होंने विकास योजनाओं को हरिद्वार के लिए उपयोगी बताते हुए मेला प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया।


इस अवसर पर वार्ड 15 के पार्षद विवेक भूषण ‘विक्की’, वार्ड 23 के पार्षद प्रतिनिधि गुलशन शर्मा तथा व्यापारी प्रतिनिधि सागर अरोड़ा, सुभाष जिंदल और राजेश कुमार ने सुझाव दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, पीआईयू के सहायक अभियंता सरीन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *