सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने चार आरोपियों तक पहुंचाई जांच, वारदात में इस्तेमाल दो बाइक बरामद
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस का अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रानीपुर कोतवाली पुलिस ने पड़ोसी से मारपीट कर उसे डराने-धमकाने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।
ड्यूटी जाते समय रास्ते में घेरकर की थी मारपीट
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को मोहित चौधरी पुत्र देवेंद्र चौधरी, निवासी एच-135 शिवालिक नगर, रानीपुर, हरिद्वार ने कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह सुबह अपने घर से बीएचईएल ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-5 बी स्थित खोखा मार्केट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और बेल्ट से उनके साथ मारपीट की तथा धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी ने खोला रास्ता, चार आरोपी गिरफ्तार
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की सुरागरसी-पतारसी शुरू की। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद को न्यू टिहरी विस्थापित आर्मी ग्राउंड, गुजर बस्ती क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
नौकरी और ठेली लगवाने का झांसा देकर संपर्क में आए
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक परिचित के माध्यम से उन्हें सिडकुल में नौकरी लगवाने और रोशनाबाद में सब्जी की ठेली लगवाने का भरोसा दिया गया था। इसी सिलसिले में उनकी मुलाकात मोहित चौधरी के पड़ोसी संदीप वर्मा से हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि संदीप वर्मा का मोहित चौधरी से पहले से विवाद चल रहा था। आरोपियों के अनुसार, संदीप ने उनसे मोहित को ड्यूटी जाते समय रास्ते में रोककर डराने-धमकाने और मारपीट करने के लिए कहा था। इसके लिए उन्हें खर्च के नाम पर तीन हजार रुपये नकद दिए गए।
बाइक से पीछा कर रोका, चाबी भी ले गए
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि 13 अगस्त की सुबह उन्होंने मोटरसाइकिलों से मोहित का पीछा किया। सेक्टर-5 स्थित खोखा मार्केट के पास सुनसान स्थान देखकर उन्होंने मोहित की बाइक के आगे अपनी मोटरसाइकिल लगाकर उसे रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने मोहित की बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी भी निकाल ली और आगे जंगल की ओर जाकर उसे फेंक दिया।
चार गिरफ्तार, पांचवें आरोपी की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ बाबी उर्फ पहलवान, आकाश, ऋषभ और हिमांशु के रूप में हुई है। पुलिस मामले में फरार/अन्य संदिग्ध आरोपी की भूमिका की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
हरविंदर सिंह उर्फ बाबी उर्फ पहलवान पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी ग्राम मौजमपुर सदात, थाना नजीबाबाद।
आकाश पुत्र चंद्रया, निवासी ग्राम जुल्फकारपुर गढ़ी, तहसील नजीबाबाद, बिजनौर।
ऋषभ पुत्र मनोज, निवासी ग्राम ढाकी हुसैनपुर, थाना नजीबाबाद, बिजनौर।
हिमांशु पुत्र मुनेश कुमार, निवासी ग्राम जगदीशपुर, नजीबाबाद, बिजनौर बताए गये हैं।


