विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में धार्मिक आयोजन के दौरान 14 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात गांव में धार्मिक आयोजन चल रहा था। किशोरी भी आयोजन में शामिल होने गई थी। इसी दौरान एक युवक ने उससे बातचीत की और कथित तौर पर उसे बहला-फुसलाकर आयोजन स्थल से कुछ दूरी पर ले गया। आरोप है कि वहां तीन अन्य युवक भी पहुंच गए। इसके बाद आरोपियों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। किसी तरह किशोरी घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। किशोरी की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान के नेतृत्व में टीमें गठित कीं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों बृहस्पतिवार को अनिल सैनी, शुभम सैनी और साहिल को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।


