हरिद्वार। नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में बुग्गावाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित की पहचान अभिषेक पुत्र पवन, निवासी ग्राम शहीदवाला ग्रंट, थाना बुग्गावाला, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित के परिजन ने आरोप लगाया कि 30 अगस्त को आरोपित ने 17 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि घटना का एक अन्य व्यक्ति द्वारा वीडियो बनाया गया और उसे वायरल किया गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर बुग्गावाला थाना पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश थानाध्यक्ष बुग्गावाला को दिए।
निर्देशों के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 3 सितंबर को आरोपित अभिषेक को बुग्गावाला क्षेत्र से हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। मामले में वीडियो वायरल किए जाने के आरोप की भी जांच की जा रही है।


