पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
विनोद धीमान
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के बोडाहेड़ी गांव की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि मारपीट के बाद पति ने उसे कथित तौर पर तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पथरी पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बोडाहेड़ी निवासी समीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2025 में उसकी बहन शबनम का निकाह सहारनपुर जिले के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के सुनेठी खड़खड़ी गांव निवासी सरफराज के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। परिजनों के अनुसार, शादी में उनकी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज भी दिया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग शबनम को लगातार प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी।
आरोप है कि पति के साथ जेठ, जेठानी और नंद भी विवाहिता के साथ मारपीट करते थे। परिजनों ने कई बार ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद और कथित उत्पीड़न का सिलसिला नहीं रुका। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले भी शबनम के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसके पति ने कथित तौर पर उसे तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया। घटना के बाद पीड़िता पथरी थाने पहुंची और ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पथरी थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, सास, जेठ, जेठानी और नंद समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट और तीन तलाक के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


