हरिद्वार में “मार्बल उतारते ही मची चीख-पुकार, पत्थरों के नीचे दबे मजदूर और ठेकेदार

हरिद्वार। पीलीभीत हाउस होटल निर्माण स्थल पर देर रात उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब राजस्थान से लाई गई मार्बल की खेप उतारते वक्त अचानक पत्थरों का ढेर खिसक गया। हादसे में एक मजदूर और ठेकेदार पत्थरों के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


बताया जा रहा है कि मजदूर करण (30) मार्बल उतारने का काम कर रहा था। अचानक पत्थर खिसकने से वह उसके नीचे दब गया। उसे बचाने पहुंचे ठेकेदार इमरान (45) भी हादसे की चपेट में आ गए।


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को पत्थरों के बीच से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर चोटों के चलते एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।


घायल मजदूर करण भरतपुर, राजस्थान का रहने वाला बताया गया है, जबकि ठेकेदार इमरान हरिद्वार के विष्णु लोक कॉलोनी, बीएचईएल सेक्टर-1 निवासी हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।


हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी दिखाई दी। लोगों का आरोप है कि घटना के समय आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, जबकि होटल की ओर से कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं आया।


नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *