ट्रेन की चपेट में आने से किन्नर की मौत, साथियों ने रेलवे फाटक पर किया हंगामा

हरिद्वार। लक्सर-मुरादाबाद रेलवे ट्रैक पर खड़ंजा कुतुबपुर रेलवे फाटक के पास मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से 19 वर्षीय किन्नर की मौत हो गई। मृतक की पहचान अनस उर्फ अलीशा पुत्री नईम, निवासी देवबंद, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।


हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के साथी किन्नर मौके पर पहुंचे और मौत की परिस्थितियों को लेकर नाराजगी जताते हुए रेलवे फाटक के पास हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर लक्सर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई प्रदीप कुमार और एसआई विपिन कुमार ने पुलिस टीम के साथ स्थिति संभाली और हंगामा कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। काफी प्रयास के बाद मौके पर स्थिति सामान्य हो सकी।


पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और ट्रेन की चपेट में आने की घटना कैसे हुई। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद कुछ समय तक रेलवे फाटक के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *