जर्मन हैंगर की ऊंचाई से गिरा मजदूर, मौके पर मौत

साबिर पाक के सालाना उर्स की तैयारियों के बीच दर्दनाक हादसा
हरिद्वार।
साबिर पाक के सालाना उर्स की तैयारियों के बीच पिरान कलियर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जायरीनों की सुविधा के लिए हज हाउस के सामने लगाए जा रहे जर्मन हैंगर में पाइप लगाने के दौरान करीब 38 वर्षीय मजदूर अचानक ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।


मृतक की पहचान रामचंद्र पुत्र सुखपाल (38), निवासी रघुनाथ खेड़ा, थाना बछरावां, जिला रायबरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया गया कि रामचंद्र उर्स की तैयारियों के तहत जर्मन हैंगर लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान पाइप लगाने के दौरान वह संतुलन खो बैठा और काफी ऊंचाई से जमीन पर जा गिरा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की स्थित सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
हादसे के बाद जर्मन हैंगर लगाने वाले ठेकेदार की कार्यप्रणाली और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि ऊंचाई पर काम कर रहे मजदूर को सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। यदि मजदूर को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई गई होती, तो क्या इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था?

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मजदूर की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या था और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही बरती गई थी या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *