रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: 95 वर्षीय नानी से दुष्कर्म का आरोप, विरोध पर हत्या की कोशिश

हरिद्वार। जनपद के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नारसन चौकी क्षेत्र के एक गांव में शराब के नशे में धुत एक युवक पर अपनी 95 वर्षीय नानी के साथ दुष्कर्म करने तथा विरोध करने पर उनका गला दबाकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगा है। परिजनों ने आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।


पुलिस के अनुसार आरोपी, जो मूल रूप से ज्वालापुर हरिद्वार का रहने वाला है, पिछले करीब तीन वर्षों से अपनी नानी के गांव में किराये के मकान में रह रहा था। आरोप है कि गुरुवार देर रात वह नशे की हालत में नानी के घर पहुंचा और उस कमरे में घुस गया, जहां बुजुर्ग महिला अकेली सो रही थीं।


आरोप है कि नाती ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने और शोर मचाने पर उसने कथित तौर पर उनका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया, जिससे महिला बेहोश हो गई। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी।


सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। गंभीर हालत में बुजुर्ग महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।


इस घटना से पूरे गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *