हरिद्वार में मॉब जस्टिस! चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र के ललतारौ पुल के पास सामान चोरी के शक में एक युवक की भीड़ द्वारा पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि घटना मंगलवार देर रात की है। आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक को पकड़कर उस पर चोरी का आरोप लगाया और उसके साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है।


वायरल वीडियो में कई लोग युवक की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक रहम की गुहार लगाता नजर आता है, जबकि भीड़ में शामिल लोग लगातार उसके साथ मारपीट करते हैं। बताया जा रहा है कि राह चलते कुछ लोगों ने भी युवक को पीटा। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि भीड़ युवक को पीटते हुए गंगा घाट तक ले जाती है।


वीडियो सामने आने के बाद हरिद्वार पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले लोगों की पहचान कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक पर लगाए गए चोरी के आरोपों में कितनी सच्चाई है और घटना के समय वास्तव में क्या हुआ था।


घटना के बाद सोशल मीडिया पर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि किसी पर चोरी या अन्य अपराध का संदेह है, तो उसकी जांच और कार्रवाई का अधिकार केवल कानून और पुलिस को है।


नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने कहा, “युवक के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वायरल फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। यदि किसी व्यक्ति ने कानून अपने हाथ में लिया है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *