गौकशी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 200 किलो गौमांस बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

हरिद्वार। पुलिस ने गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भगवानपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 किलोग्राम गौमांस बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों, नशा तस्करों और गौकशी में शामिल लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सिकंदरपुर से चांचक जाने वाले टावर मार्ग के पास स्थित पोपलर के खेत में कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने बिलाल पुत्र खलील निवासी सिकंदरपुर भैंसवाल, भगवानपुर को मौके से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गौकशी की घटना में उसके अन्य साथी भी शामिल थे, जो मौके से फरार हो गए।


मौके से पुलिस ने 200 किलोग्राम गौमांस, चार गोवंशीय पशुओं के खुर, गौकशी में प्रयुक्त कुल्हाड़ियां, छुरियां, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, रस्सी, प्लास्टिक टब और अन्य उपकरण बरामद किए। बरामद गौमांस को गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के बाद नष्ट कराया गया।


इस मामले में भगवानपुर कोतवाली में उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *