कांवड़ मेला: जीरो जोन में वाहनों पर रोक, अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग

हरिद्वार। कांवड़ मेला एवं महाशिवरात्रि के मद्देनजर श्री परशुराम अखाड़े के प्रमुख व सामाजिक कार्यकर्ता अधीर कौशिक ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। उन्होंने कांवड़ मेले के दौरान जीरो जोन में तीन एवं चार पहिया वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने तथा हर की पैड़ी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में करोड़ों शिवभक्त पहुंचते हैं, जिससे नगर के प्रमुख मार्गों पर अत्यधिक भीड़ रहती है। ऐसे में जीरो जोन में वाहनों के संचालन और मुख्य सड़कों पर अवैध अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने हाथी पुल, सुभाष घाट पुल और सीसीआर टावर के आसपास सड़क पर लगी अवैध दुकानों को हटाने की भी मांग की, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का आवागमन सुगम हो सके।

अधीर कौशिक ने ज्ञापन में यह भी कहा कि हर की पैड़ी क्षेत्र सरकार द्वारा ए श्रेणी की सुरक्षा के दायरे में है, लेकिन कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।

इसके अलावा उन्होंने कांवड़ मेला अवधि में शिवभक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए नगर क्षेत्र में मांसाहार और शराब की दुकानों को बंद रखने की भी मांग उठाई। उनका कहना है कि इससे श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान होगा और नगर में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहेगा।

ज्ञापन के माध्यम से अधीर कौशिक ने प्रशासन से जनहित और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *