गंगनहर पटरी पर भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर में तीन युवकों की मौत, दो गंभीर

हरिद्वार। रुड़की-कलियर मार्ग स्थित बाजूहेड़ी गांव के समीप गंगनहर पटरी मार्ग पर सोमवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 10:45 बजे कोतवाली रुड़की क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।


कोतवाली रुड़की के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *